Friday, 6 May 2016

सांड कंपनी के संडियार
कारोबारी दुनिया में हर किसी की तमन्ना दौलत कमा कर फोर्ब्स की सूचि में पहला स्थान पाने की होती है। कई कंपनियां बनती हैं, बिगड़ती हैं। अगर राजनीतिक तिकड़म और गॉड फादर हो तो दिन दूने, रात चौगुनी होती है। फिर कोई सेक्टर बाकी नहीं होता जिस पर कंपनी कब्जा जमाना नहीं चाहती। एक के बाद एक इनिशियल पब्लिक ऑफर ( आईपीओ ) बॉम्बे स्टाक एक्सचेंज में रजिस्टर होने लगते हैं। उनकी पूरी मंशा पूरे बाजार का दोहन या निवेशकों के खीसे से पाई पाई झटकने की होती है। होली के इस रंगारंग फेस्टिवल पर बनी सांड नामक कंपनी के कई शेयर बाजार में आए हैं। निवेशक अपनी पसंद के शेयर खरीद सकते हैं। नाम कुछ इसतरह से हैं।

सांड बिजली
सांड खुजली

इन शब्दों का आशय तो निवेशक समझ ही गए होंगे। सुविधा के लिए फिर भी खुलासा कर देते हैं। कंपनी ने बिजली के बिलों से देशभर के ग्राहकों को जो झटके दिए थे उससे कंपनी का खजाना भर गया है। अब बिजनेस के विस्तार की खुजली होने लगी है। इसलिए कंपनी ने फार्मा सेक्टर पर कब्जा करने के लिए सांड खुजली नामक आईपीओ लाने का फैसला किया। और लीजिए सांड खुजली के शेयर ओवरसब्सक्रायीब हो गए हैं। अब जल्द ही खुजली मिटाने वाली क्रीम बाजार में आने वाली है। इससे कई तरह की खुजली मिट सकती है। जैसे शेयर में पैसा गवानें की खुजली, सांड की पैसा कमाने की खुजली, राजनीती की खुजली, जातिवाद की खुजली, प्रांतवाद की खुजली, भाषावाद की खुजली और आतंकवाद की खुजली। इनको खुजाते- खुजाते देश लहूलुहान हो गया है। अब इंटेंसिव केयर की ज़रुरत है।

इस समस्याओं के समाधान के बाद अब कंपनी खेल-कूद से लेकर राष्ट्र निर्माण के कई आईपीओ लाना चाहती है।

सांड कबड्डी
सांड चड्डी
सांड बॉडी
सांड बड्डी
 
सांड चड्डी नाम से गारमेंट कबड्डी खेलने और बॉडी बिल्डिंग में उपयोगी होंगे। सांड बड्डी यह आईपीओ उन लोगों के लिए होगा जो सांड में अटूट विश्वास रखते हैं। जिन्हें पैसा काटता है। उनकी छटपटाहट पैसा सांड के हवाले करने की होती है। सांड कंपनी कोई भी आईपीओ लाए बड्डी आंख बंद कर उसमें पैसा झोंक देते हैं।

कई सेक्टर में निवेशकों को बर्बाद करने के बाद अब तीन और आईपीओ बॉम्बे स्टाक एक्सचेंज में रजिस्टर करवाए हैं। उनके नाम इस प्रकार हैं 

सांड पॉवर
सांड टॉवर
सांड शॉवर

सांड पॉवर ऊर्जा सेक्टर में नए शोध करना चाहती है। इसी के साथ ड्रोन से मोबाइल टॉवर लटकाए जाएंगे जो मंगल पर भी सेल फोन के सिग्नल प्रदान करेंगे। नदियों को जोड़ने के लिए कंपनी ने सांड शॉवर नाम से शेयर बाजार में जारी किए हैं। 

इसके बाद कंपनी भविष्य में कई और आईपीओ लाने वाली है।

सांड फर्नीचर; स्कूल और दफ्तरों में टेबल कुर्सी सप्लाई के लिए। 
सांड  फ्रैक्चर; अस्पताल सेवा के लिए। 
सांड  ट्रैक्टर;  कृषि मशीनरी के बिजनेस लिए।
सांड जनरेटर; माल जनरेट करने के लिए।

सांड जनरेटर नाम का आईपीओ उन लोगों के लिए होगा जो गरीबी रेखा के नीचे हैं। कड़के हैं लेकिन बाजार में मुंह मारने के लिए उनकी लार टपकती है और वे अठन्नी चवन्नी लगा कर लखपति बनने का सपना देखते हैं।

No comments:

Post a Comment